यूट्यूब से सीखा हत्या का तरीका, फिर रची खौफनाक साजिश; 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मर्डर केस

करीमनगर: तेलंगाना के करीमनगर जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर यूट्यूब पर हत्या करने, पुलिस से बचने और हथियार बनाने के तरीके देखे, फिर पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लंबे समय से चल रहे व्यक्तिगत विवाद और कथित अपमान का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची। उसने पहले इंटरनेट पर अपराध से जुड़े वीडियो देखे और फिर सुनसान स्थान पर लोहे की रॉड से पीड़ित पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की यूट्यूब सर्च हिस्ट्री, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए। डिजिटल ट्रेल और तकनीकी जांच ने मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल फोरेंसिक और वैज्ञानिक जांच के चलते इस हाई-प्रोफाइल हत्या की गुत्थी बेहद कम समय में सुलझा ली गई।



