उत्तराखंड

मसूरी में अवैध निर्माण पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, बस अड्डे के पास 77 आवास सील

Listen to this News

मसूरी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बस अड्डे के निकट स्थित 77 आवासों को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

जानकारी के अनुसार, ये आवास बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए गए थे। इससे पहले भी इन्हें सील किया गया था, लेकिन दोबारा कब्जा कर उपयोग किए जाने की शिकायतों के बाद हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में एमडीडीए ने फिर से सीलिंग की कार्रवाई की।

एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि तीन अन्य आवासों के संबंध में संबंधित पक्षों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। यदि तय समय सीमा में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मसूरी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भवन निर्माण से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button