देहरादून में नन्हीं छात्रा से मिले सीएम धामी, पढ़ाई और सपनों पर की आत्मीय बातचीत; वीडियो हुआ वायरल

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री देहरादून के पुलिस लाइन हेलिपैड पर एक स्कूली छात्रा से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बच्ची को स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी और उसकी पढ़ाई, भविष्य और सपनों के बारे में बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि बच्चों की मुस्कान में उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके सुरक्षित, शिक्षित तथा सशक्त भविष्य का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
वीडियो में मुख्यमंत्री बच्ची से उसकी पढ़ाई और आगे के लक्ष्य के बारे में सवाल पूछते हैं, जिनका वह आत्मविश्वास के साथ जवाब देती है। इस आत्मीय संवाद को सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी सराहा है और बड़ी संख्या में यूजर्स मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की प्रशंसा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज के बच्चे ही कल के उत्तराखंड का भविष्य हैं और उनके सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



