उत्तराखंड

भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन परियोजना: विरोध के बीच फिर चली आरी, एक दिन में काटे गए 100 पेड़

Listen to this News

देहरादून: भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन सड़क परियोजना के लिए चार दिन के अंतराल के बाद एक बार फिर पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई। सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 100 पेड़ों को काटा गया, जबकि पर्यावरण प्रेमियों ने इसका विरोध जारी रखा।

भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन परियोजना के तहत लगभग 19 किलोमीटर क्षेत्र में संरक्षित प्रजातियों के 3,000 से अधिक पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है। पिछले सप्ताह विरोध प्रदर्शन के चलते वन निगम ने अस्थायी रूप से कटान रोक दिया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद सोमवार सुबह से दोबारा अभियान शुरू कर दिया गया।

कटान स्थल पर पर्यावरण प्रेमियों की संख्या पहले की तुलना में कम रही, फिर भी कुछ लोगों ने पेड़ों से चिपककर और सड़क पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहने पर दो लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान एक महिला भावुक होकर कटे हुए पेड़ों को देखकर रो पड़ी और कहा कि वे केवल “इन पेड़ों की लाशों पर खड़े होकर रो सकते हैं।”

वन निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस महीने के अंत तक पेड़ कटान का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मंगलवार से मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में करीब 16 मजदूर, दो जेसीबी और हाइड्रा मशीनें कटान कार्य में लगी हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब प्रतिदिन लगभग 200 पेड़ काटने का लक्ष्य रखा गया है ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना का कार्य पूरा किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button