चारधाम यात्रा: 15 सितंबर से फिर शुरू हो सकती है केदारनाथ हेली सेवा, 14 अगस्त की बैठक में होगा फैसला

देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने 15 सितंबर से केदारनाथ हेली सेवा और चारधाम चार्टर्ड सेवा शुरू करने की तैयारी की है। हालांकि, अंतिम फैसला डीजीसीए की अनुमति के बाद ही होगा।
इस संबंध में 14 अगस्त को नई दिल्ली में डीजीसीए, हेली ऑपरेटरों और मौसम विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में केदारनाथ हेली सेवा और चारधाम चार्टर्ड सेवा के संचालन को लेकर चर्चा की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, डीजीसीए की अनुमति मिलने के बाद 15 सितंबर से सेवाएं दोबारा शुरू की जा सकती हैं।
25 जून के बाद से बंद है हेली सेवा
इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही हेली सेवा शुरू की गई थी। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से आठ एविएशन कंपनियां हेली सेवा का संचालन कर रही थीं। मानसून को देखते हुए डीजीसीए ने 25 जून तक उड़ानों की अनुमति दी थी। इसके बाद केदारनाथ के लिए हेली सेवा स्थगित कर दी गई।
पहले चरण में 1.37 लाख तीर्थयात्रियों ने किया हेली सफर
चारधाम यात्रा के पहले चरण में करीब 1.37 लाख तीर्थयात्री हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचे। केदारनाथ के लिए हेली सेवा की भारी मांग रहती है। यही वजह है कि बुकिंग पोर्टल खुलने के कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में टिकट बुक हो जाते हैं।



