उत्तराखंड
पौड़ी गढ़वाल: मुर्गी बाड़े में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों में दहशत; रेस्क्यू अभियान जारी

पौड़ी गढ़वाल। जिले के मासौं तल्ला गांव में गुरुवार रात एक गुलदार मुर्गी बाड़े में घुस गया और वहीं कैद हो गया। गांव में गुलदार की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने गुलदार के बाड़े में फंसे होने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया। वनकर्मी लगातार मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू की कार्रवाई में जुटे हैं।
गांव में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू करने के प्रयास कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों और गुलदार दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



