उत्तराखंड मौसम: आज भारी बारिश का अलर्ट, एसडीआरएफ हाई अलर्ट पर; पांच जिलों में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के कारण मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। मौसम का यह दौर 5 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है।
पांच जिलों में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, चमोली, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में सोमवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
एसडीआरएफ हाई अलर्ट पर
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रदेशभर में तैनात टीमों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने और आपातकालीन सूचना मिलने पर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीआरएफ की टीमों को नदियों, नालों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। लाइफ जैकेट, हेलमेट और रोप रेस्क्यू उपकरणों की जांच भी की गई है।
कई दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों, बरसाती नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।



