अंतरराष्ट्रीय

नाइजीरिया में तेल चोरी के दौरान बड़ा हादसा, पाइपलाइन से जहरीली गैस लीक; 37 लोगों की मौत

Listen to this News

लागोस: नाइजीरिया के तेल समृद्ध नाइजर डेल्टा क्षेत्र में तेल चोरी की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पाइपलाइन से तेल निकालने के दौरान जहरीले धुएं की चपेट में आने से कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई। घटना रिवर्स स्टेट के ओक्रिका इलाके की बताई जा रही है।

पाइपलाइन में अवैध कनेक्शन कर रहे थे तेल चोर

स्थानीय पर्यावरण संगठन Youths and Environmental Advocacy Centre (YEAC-Nigeria) के मुताबिक, कुछ लोगों ने पाइपलाइन में अवैध तरीके से कनेक्शन लगाकर कच्चा तेल निकालने की कोशिश की थी। इसी दौरान पाइपलाइन से निकलने वाले जहरीले धुएं ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

संगठन ने बताया कि मृतकों की संख्या कम से कम 37 है और कई अन्य लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों के शव नदी से बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने भी की घटना की पुष्टि

रिवर्स स्टेट पुलिस ने भी घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, प्रभावित लोग कथित तौर पर तेल चोरी की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

नाइजीरिया में तेल चोरी बड़ी समस्या

नाइजीरिया अफ्रीका के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में शामिल है। नाइजर डेल्टा क्षेत्र में पाइपलाइनों से तेल चोरी और अवैध तरीके से तेल निकालने की घटनाएं लंबे समय से चुनौती बनी हुई हैं। इस तरह की गतिविधियों के दौरान आग, जहरीले धुएं और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गंभीर हादसे होते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button