ऋषिकेश: नशे, अवैध हथियार और संदिग्ध गतिविधियों से बढ़ी चिंता, तीर्थनगरी की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

ऋषिकेश की पहचान योग, अध्यात्म, गंगा और धार्मिक पर्यटन के लिए दुनियाभर में है। लेकिन हाल के दिनों में सामने आईं आपराधिक और अनैतिक गतिविधियों ने तीर्थनगरी की सुरक्षा और सामाजिक माहौल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दुष्कर्म, नशे, अवैध हथियार और अवैध गतिविधियों से जुड़े मामलों ने स्थानीय लोगों को सोचने पर मजबूर किया है कि शहर किस दिशा में बढ़ रहा है।
हाल ही में नाबालिगों से दुष्कर्म के दो मामले सामने आए। एक मामले में शादी समारोह में गई किशोरी के साथ तीन नाबालिग युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा। वहीं, दूसरे मामले में शहर के बीच स्थित एक होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया, जिसमें होटल संचालक और मैनेजर की भूमिका भी जांच के दायरे में आई।
करीब छह महीने पहले आईडीपीएल क्षेत्र में कथित अवैध कैसीनो संचालन का मामला भी सामने आया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान नोएडा और दिल्ली की युवतियों के पकड़े जाने की बात सामने आई थी। इस घटना ने शहर में बाहर से संचालित होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और उनके नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े किए।
नशे और अवैध हथियारों से जुड़े मामले भी चिंता बढ़ा रहे हैं। बीते जुलाई में आमबाग क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवक द्वारा अपनी मां को कथित तौर पर अवैध तमंचे से गोली मारने का मामला सामने आया था। इससे पहले फरवरी में शिवाजी नगर क्षेत्र में एक युवक पर अपनी तलाकशुदा प्रेमिका की अवैध तमंचे से गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा था।
श्यामपुर क्षेत्र में भी ग्रामीणों पर अवैध तमंचे से फायरिंग का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने कुछ युवकों को गांव के पास शराब पीने से रोका था। पुलिस जांच में इन युवकों के खिलाफ बैंक लूट और हत्या जैसे गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई।
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि ऋषिकेश के सामाजिक वातावरण को लेकर भी चिंता बढ़ाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की धार्मिक और पर्यटन पहचान का फायदा उठाकर आपराधिक तत्व यहां अपनी गतिविधियां बढ़ा सकते हैं।
अब पुलिस और प्रशासन के सामने चुनौती केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करने की नहीं, बल्कि अपराध के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की भी है। संदिग्ध होटलों, होम स्टे, किराये के ठिकानों, नशे के कारोबार और अवैध हथियारों से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है।
एसपी देहात जया बलूनी के अनुसार, होटल और होम स्टे के सत्यापन के लिए अभियान शुरू किया गया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



