चारधाम यात्रा: 15 सितंबर से फिर शुरू होगी केदारनाथ हेली सेवा, 7 सितंबर से टिकट बुकिंग

देहरादून: चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अनुमति मिलने के बाद केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा 15 सितंबर से दोबारा शुरू होगी। मानसून सीजन के चलते 25 जून से हेली सेवा पर रोक लगी हुई थी।
हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग सात सितंबर से शुरू होगी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर सुबह 11 बजे से बुकिंग की जा सकेगी। फिलहाल 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे।
गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से मिलेगी सेवा
केदारनाथ हेली सेवा गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड से संचालित होगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अनुसार इन हेलीपैड से नौ एविएशन कंपनियां सेवा संचालित करेंगी।
इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ हेली सेवा का संचालन शुरू किया गया था। हालांकि, मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों को देखते हुए डीजीसीए ने 25 जून से सेवा स्थगित कर दी थी। अब चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के साथ इसे फिर शुरू किया जा रहा है।
पहले चरण में 1.37 लाख श्रद्धालुओं ने किया हेली सफर
चारधाम यात्रा के पहले चरण में करीब 1.37 लाख तीर्थयात्रियों ने हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम की यात्रा की। केदारनाथ के लिए हेली सेवा की मांग काफी अधिक रहती है और बुकिंग शुरू होते ही टिकट तेजी से भर जाते हैं।
श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि टिकट बुकिंग के लिए केवल अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल का ही इस्तेमाल करें और किसी अनधिकृत एजेंट या फर्जी वेबसाइट के झांसे में न आएं।



