ऋषिकेश: आज पशुलोक बैराज पर उतरेगा सी-प्लेन, ट्रायल रन से उत्तराखंड पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

उत्तराखंड के पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हो सकता है। यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से सोमवार सुबह करीब 11 बजे ऋषिकेश के पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन उतारने का ट्रायल किया जाएगा। इस ट्रायल को राज्य में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।
अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो उत्तराखंड के दूरस्थ और दुर्गम पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी। खासतौर पर ऐसे इलाके, जहां सड़क या पारंपरिक हवाई सेवाएं सीमित हैं, वहां सी-प्लेन सेवा पर्यटन को नई रफ्तार दे सकती है। इससे हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि सी-प्लेन सेवा शुरू होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को तेज, रोमांचक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। इसके अलावा आपदा या राहत कार्यों के दौरान भी इस सेवा का उपयोग तेजी से किया जा सकेगा, जो पहाड़ी राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां इस परियोजना को आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के रूप में देख रही हैं। ट्रायल सफल होने पर भविष्य में टिहरी झील, अन्य जलाशयों और प्रमुख नदी क्षेत्रों में भी सी-प्लेन सेवा शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है, जिससे उत्तराखंड को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सकती है।


