उत्तराखंड लोअर PCS भर्ती: 27 जुलाई से शुरू होंगे पहले चरण के इंटरव्यू, UKPSC ने जारी किया कार्यक्रम

देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने लोअर पीसीएस-2024 भर्ती के तहत साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार, पहले चरण के इंटरव्यू 27 जुलाई से शुरू होकर 3 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे। मुख्य परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन पूरा करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा का आयोजन पिछले वर्ष 13 और 14 सितंबर को हुआ था, जबकि इसका परिणाम 27 मार्च 2026 को घोषित किया गया। इसके बाद 18 से 21 मई के बीच सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद 406 में से 328 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र पाया गया है। शेष अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की स्क्रूटनी पूरी होने के बाद उनके इंटरव्यू की तिथि घोषित की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे इंटरव्यू के दिन हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, आरक्षण प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), स्थायी निवास प्रमाणपत्र, वैध फोटो पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लेकर आएं। इसके अलावा सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 80 रुपये, जबकि एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 30 रुपये शुल्क आयोग कार्यालय में जमा करना होगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इंटरव्यू से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम और आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से देखते रहें तथा निर्धारित समय पर सभी मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।



