
उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। देश के प्रमुख औद्योगिक समूह में से एक अडानी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अडानी ने इस तीर्थस्थल पर नए रोपवे निर्माण की घोषणा की है। उनका कहना है कि यह परियोजना श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए है।
अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “केदारनाथ की कठिन चढ़ाई अब आसान होगी। अदाणी समूह इस रोपवे के जरिए श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल और सुरक्षित बनाएगा। महादेव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। जय बाबा केदारनाथ!”
वीडियो के अनुसार, यह रोपवे सोनप्रयाग से केदारनाथ तक लगभग 12.9 किलोमीटर लंबे मार्ग में बनेगा। इसके पूरा होने के बाद यात्रा में लगने वाला 8-9 घंटे का समय घटकर मात्र 36 मिनट हो जाएगा। रोपवे में 35 सीटों वाले डिब्बे (कोंडोला) होंगे और हर घंटे लगभग 1800 यात्री प्रति दिशा में यात्रा कर सकेंगे।
अडानी ग्रुप ने बताया कि यह रोपवे 3S ट्राइकेबल तकनीक पर आधारित होगा, जो विश्व की सबसे सुरक्षित और अत्याधुनिक तकनीक मानी जाती है। इससे बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं भी आसानी से केदारनाथ धाम के दर्शन कर सकेंगे।
इसके अलावा, इस परियोजना से स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। अडानी ग्रुप ने यह भी भरोसा दिलाया कि पर्यावरण संरक्षण का पूरा ध्यान रखा जाएगा और स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रकृति और आस्था का संतुलन बना रहे।
बता दें कि केदारनाथ धाम हिमालय में 11,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर स्थित है और यह भगवान शिव को समर्पित एक महत्वपूर्ण मंदिर है।



