भारत की रक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम: हैदराबाद में बनेगा राफेल लड़ाकू विमान का फ्यूज़लाज, दसॉल्ट एविएशन और टाटा में साझेदारी!!

भारत की रक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम: हैदराबाद में बनेगा राफेल लड़ाकू विमान का फ्यूज़लाज, दसॉल्ट एविएशन और टाटा में साझेदारी
भारत की रक्षा क्षमताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए दसॉल्ट एविएशन ने टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) के साथ साझेदारी की है। इस समझौते के तहत अब राफेल लड़ाकू विमानों का फ्यूज़लाज (मुख्य ढांचा) भारत में ही निर्मित किया जाएगा।
यह पहली बार है जब राफेल विमान के इतने महत्वपूर्ण हिस्से फ्रांस के बाहर बनाए जाएंगे। इसके लिए हैदराबाद में एक विश्वस्तरीय निर्माण संयंत्र तैयार किया जा रहा है, जहां वित्त वर्ष 2027-28 से उत्पादन शुरू होने की योजना है। शुरुआती लक्ष्य हर महीने दो पूर्ण फ्यूज़लाज तैयार करने का है।
यह साझेदारी भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। राफेल विमान का फ्यूज़लाज, जिसमें कॉकपिट, एवियोनिक्स और अन्य अहम उपकरण होते हैं, देश में ही बनने से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई गति मिलेगी।
इस हाई-टेक सहयोग से न केवल देश में अत्याधुनिक तकनीक का प्रसार होगा, बल्कि भारत को वैश्विक रक्षा निर्माण मानचित्र पर भी एक मजबूत स्थान प्राप्त होगा। ✈️