
उत्तरकाशी में मौसम की स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण को लेकर नई व्यवस्था की है। गोमुख और गंगोत्री ग्लेशियर की ऊंची चोटियों पर पर्वतारोहण की अनुमति दे दी गई है, जबकि तपोवन और केदारताल ट्रैक फिलहाल सामान्य ट्रैकर्स के लिए बंद रहेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, तपोवन और केदारताल मार्गों पर अभी भी काफी बर्फ जमा है। वहीं, उच्च हिमालयी चोटियों पर जाने वाले पर्वतारोहियों के दलों को मौसम संबंधी चेतावनी और जरूरी जानकारी देकर भेजा जा रहा है।
बीते माह के अंतिम सप्ताह में भारी बर्फबारी के कारण गोमुख समेत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 200 से अधिक ट्रैकर्स और पर्वतारोही फंस गए थे। इसके बाद प्रशासन ने हेली रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला था और ट्रैकिंग-पर्वतारोहण पर रोक लगा दी गई थी।
वहीं, नेलांग-जादूंग और गड़तालगली क्षेत्र पर्यटकों के लिए खुले हैं।



