मुंबई में लोकल ट्रेन से गिरे 10 यात्री, 5 की मौत की आशंका, ठाणे के मुम्ब्रा स्टेशन के पास हुआ हादसा!!

मुंबई में लोकल ट्रेन से गिरे 10 यात्री, 5 की मौत की आशंका, ठाणे के मुम्ब्रा स्टेशन के पास हुआ हादसा
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे के कसारा की ओर जा रही एक अत्यधिक भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेन से करीब 10 से 12 यात्री गिर गए, जिनमें 5 की मौत की आशंका जताई जा रही है। यह दर्दनाक हादसा मुम्ब्रा स्टेशन के पास हुआ।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में भीड़ इतनी अधिक थी कि यात्री दरवाज़ों पर लटककर सफर कर रहे थे, जिससे कई लोग संतुलन खो बैठें और पटरी पर गिर पड़े। घायलों को तुरंत शिवाजी अस्पताल और ठाणे जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच शुरू हो गई है।
इस हादसे के बाद रेलवे विभाग ने फैसला लिया है कि मुंबई उपनगरीय ट्रेनों के निर्माणाधीन सभी रेक्स में अब स्वचालित दरवाज़ा बंद करने की प्रणाली (automatic door closer) लगाई जाएगी। साथ ही, पहले से चल रही ट्रेनों को भी इस प्रणाली के अनुकूल पुनः डिज़ाइन किया जाएगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा,
“दिवा और मुम्ब्रा स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन से कुल आठ यात्रियों के गिरने और कुछ लोगों की मृत्यु की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रशासन समन्वय कर रहा है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हों। रेलवे विभाग इस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है।”
यह घटना मुंबई लोकल में लगातार बढ़ती भीड़ और सुरक्षा की कमी की ओर इशारा करती है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।