
देहरादून: पलटन बाजार में फिर चोरी करती दिखी वही महिला, दूसरी वीडियो भी वायरल
देहरादून, उत्तराखंड:
पलटन बाजार में आभूषण की दुकान से अंगूठी चोरी करने के मामले में चर्चा में आई महिला का एक और चोरी करते हुए वीडियो सामने आया है। इस बार वह एक अन्य दुकान से सामान चुराने की कोशिश करती दिखी, और यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले मामले में महिला को दुकान में चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया था, जिसके बाद उसने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से झगड़ा किया और जमकर हंगामा हुआ था। अब सामने आई दूसरी वीडियो ने यह आशंका और पुख्ता कर दी है कि महिला एक आदतन अपराधी हो सकती है।
स्थानीय व्यापारियों ने आशंका जताई है कि महिला किसी संगठित चोरी गिरोह का हिस्सा हो सकती है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के दुकानदारों में रोष है। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


