जायरा वसीम ने किया निकाह, सोशल मीडिया पर दी अपनी नई जिंदगी की जानकारी!!

साल 2019 में धार्मिक कारणों के चलते बॉलीवुड को अलविदा कह चुकीं एक्ट्रेस जायरा वसीम ने हाल ही में निकाह कर लिया है। शुक्रवार देर रात, लंबे समय बाद इंस्टाग्राम पर लौटकर जायरा ने अपने फॉलोअर्स को इस खुशखबरी से अवगत कराया। पोस्ट में उन्होंने कुल दो तस्वीरें साझा की हैं और कैप्शन में केवल तीन शब्दों में अपनी नई शुरुआत का जिक्र किया है। पहली तस्वीर में जायरा निकाहनामे पर दस्तखत करती नजर आईं।
फोटोज में नहीं दिखा पति का चेहरा:
जायरा के हाथों में खूबसूरत मेहंदी और अंगूठियां देखी जा सकती हैं। दूसरी तस्वीर में वे अपने पति के साथ चांद को निहारती हुईं दिखाई दीं, लेकिन दोनों ने अपने चेहरों को कैमरे से छिपाया रखा। जायरा लाल रंग की चुन्नी ओढ़े नजर आ रही हैं, जबकि उनके पति सफेद कुर्ता और शॉल में दिखाई दे रहे हैं। जायरा की उम्र 24 साल है और फैंस अब इस बात को जानने के लिए उत्साहित हैं कि उनके पति कौन हैं।
पोस्ट का कैप्शन और फैंस की प्रतिक्रियाएं:
जायरा वसीम ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा “कुबूल है x3”, यानी तीन बार “कुबूल है” कहने का संक्षिप्त रूप। कमेंट सेक्शन में उनके फॉलोअर्स ने उन्हें निकाह की बधाई दी। एक फॉलोअर ने लिखा, “अल्हम्दुलिल्लाह, अल्लाह दोनों को दुनियावी और आखिरी जिंदगी में खुशियां दे।” जबकि दूसरे ने लिखा, “आपका सफर मुझे रोज प्रेरित करता है। यह नई शुरुआत आपको शांति, खुशी और हर आशीर्वाद दे जिसकी आप हकदार हैं।”
सिनेमा छोड़ इस्लाम की राह चुनी:
जायरा वसीम को आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ से पहचान मिली थी, जिसमें उन्होंने गीता फोगाट के बचपन का रोल निभाया। बॉलीवुड में उनका करियर तेज़ी से ऊपर जा रहा था, लेकिन अचानक उन्होंने अपने फैसले का ऐलान किया कि वे मनोरंजन जगत छोड़ इस्लाम की राह अपनाएंगी। इसके बाद जायरा सोशल मीडिया पर भी कम ही नजर आती हैं।




