छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा — MEMU ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से टकराई, 11 की मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। स्टेशन के करीब एक MEMU लोकल ट्रेन खड़ी मालगाड़ी में जा घुसी, जिससे कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना में अब तक 11 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत-बचाव टीम लगातार मौके पर जुटी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसा कैसे हुआ?
सूत्रों के मुताबिक, MEMU ट्रेन स्टेशन के पास सामान्य गति से चल रही थी कि अचानक उसकी कोच मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिब्बों के पुर्जे तक बिखर गए। जिला प्रशासन के अनुसार, व्यस्त समय में हुई इस घटना ने अफरा-तफरी मचा दी और कई यात्री कोचों में फंस गए।
घायलों का इलाज जारी, संख्या बढ़ने की आशंका:
घायलों में कई गंभीर रूप से जख्मी हैं, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। रेलवे और प्रशासनिक टीमें राहत कार्य तेज़ी से कर रही हैं।
सरकार और रेलवे की ओर से सहायता की घोषणा:-
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे को दुखद बताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है:
>मृतक के परिवार को ₹5 लाख
>घायलों को ₹50 हजार व निःशुल्क उपचार
>रेलवे की ओर से अलग वित्तीय सहायता
सीएम ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और घायलों की देखभाल सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जांच जारी — सुरक्षा पर उठे सवाल:
रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती संदेह सिग्नल या तकनीकी त्रुटि की ओर इशारा करता है, लेकिन स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। इस हादसे ने एक बार फिर रेल सुरक्षा प्रणाली पर चिंता बढ़ा दी है।


