उत्तराखंड

देहरादून में SGRR संस्थान के गोदाम में भीषण आग, 2 घंटे बाद पाया काबू

Listen to this News

देहरादून | बुधवार रात

देहरादून के सहारनपुर चौक स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र में लक्कड़ मंडी के पास बुधवार रात करीब सवा 9 बजे श्री गुरु राम राय (SGRR) संस्थान के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम से ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आसपास के भवनों और बाजार क्षेत्र तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

 गोदाम में रखा था फर्नीचर और लकड़ी का सामान

जानकारी के अनुसार, गोदाम में उपयोग किए गए फर्नीचर, मरम्मत के लिए रखी कुर्सियां और लकड़ी का अन्य सामान रखा हुआ था। लकड़ी और फर्नीचर की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग “स्काई शॉट” (आतिशबाजी) की चिंगारी से लगी हो सकती है। बताया जा रहा है कि आसपास किसी समारोह में आतिशबाजी की जा रही थी, जिसकी चिंगारी गोदाम तक पहुंच गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

फायर अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। आग पर लगभग दो घंटे में पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button