दूसरा गैस सिलेंडर अब 25 दिन बाद ही होगा बुक, सरकार ने बदला नियम

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग से जुड़ा एक अहम फैसला लिया है। अब उपभोक्ता दूसरा गैस सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। पहले यह अवधि 15 दिन थी।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण सरकार ने यह कदम उठाया है। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को संतुलित रखना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
सरकार ने रसोई गैस-पीएनजी की घरेलू आपूर्ति को प्रभावित होने से बचाने के लिए कुछ एहतियाती उपाय भी किए हैं। इसके तहत वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति में कुछ कमी की गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है।

नई व्यवस्था के अनुसार, गैस सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगले 25 दिनों तक उपभोक्ता दूसरा सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे। इससे गैस वितरण प्रणाली को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि की कोई संभावना नहीं है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह नया नियम देशभर के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए लागू होगा और इसका उद्देश्य गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखना है।



