
देहरादून: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी शादी के लिए उत्तराखंड की पहाड़ियों में स्थित मसूरी पहुंच गए हैं। कुलदीप यादव अपनी होने वाली दुल्हन वंशिका सिंह के साथ परिवार और करीबी रिश्तेदारों सहित यहां पहुंचे हैं। शादी से पहले होने वाली पारंपरिक रस्मों की शुरुआत भी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी लोग शामिल होंगे। शादी समारोह के लिए मसूरी के प्रसिद्ध होटलों को सजाया गया है और मेहमानों के ठहरने के लिए कई कमरे पहले से बुक किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को कुलदीप यादव और वंशिका सिंह सात फेरे लेंगे। शादी में परिवार के सदस्यों के अलावा क्रिकेट जगत और कई अन्य क्षेत्रों की हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई खास मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है।



