BRICS Summit 2026: दिल्ली में 18वें शिखर सम्मेलन की शुरुआत, मोदी-चिनफिंग समेत कई नेताओं की अहम बैठकें

नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में किया जा रहा है। भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा समेत कई देशों के शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं।
दिल्ली पहुंचे शी चिनफिंग
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग शनिवार को BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। उनका विमान पालम एयरबेस पर उतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी चिनफिंग के बीच शाम 5:45 बजे द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। दोनों नेताओं की यह मुलाकात भारत-चीन संबंधों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
पीएम मोदी की कई देशों के नेताओं से मुलाकात
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। उन्होंने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद के साथ बैठक की। इन बातचीत में रक्षा, व्यापार, सेमीकंडक्टर, निवेश और अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई।
सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों पर चर्चा
इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में BRICS की थीम ‘Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ रखी गई है। सम्मेलन में समावेशी वैश्विक शासन, बहुपक्षवाद, आर्थिक सहयोग, तकनीक और वैश्विक चुनौतियों से निपटने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
भारत मंडपम में कड़ी सुरक्षा
विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की मौजूदगी को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारत मंडपम को मल्टी-लेयर सुरक्षा घेरे में रखा गया है। दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात हैं।
BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, रणनीतिक सहयोग और बहुपक्षीय व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।



