
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस बदलाव से जहां ठंड फिर लौट आई है, वहीं प्रदूषण में कमी आने से पर्यावरण और आबोहवा भी काफी साफ हो गई है।
रविवार को देहरादून समेत कई मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से राहत मिली। मसूरी, चकराता और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ मौसम काफी ठंडा हो गया।
चारधाम क्षेत्र—बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत ऊंचाई वाले इलाकों में भी अच्छी बर्फबारी हुई। वहीं हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जैसे क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने से तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया।
बारिश के बाद पहाड़ों की वादियां धुली-धुली नजर आने लगी हैं और मौसम काफी सुहावना हो गया है। देहरादून में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी 100 से नीचे आकर करीब 87 दर्ज किया गया, जिससे वातावरण साफ और ताजा महसूस हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला है। विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में बारिश-ओलावृष्टि व तेज हवाओं का अलर्ट, जबकि पर्वतीय जिलों में तूफान की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
बारिश और बर्फबारी से जहां मौसम सुहावना हुआ है, वहीं जंगलों में लगी कई जगहों की आग भी बुझ गई, जिससे पर्यावरण को भी राहत मिली है।




