
लोनी (गाजियाबाद): लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की बलराम नगर कॉलोनी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बैंक के सुरक्षा गार्ड ने छुट्टी को लेकर हुए विवाद में शाखा प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरक्षा गार्ड रविंद्र ने बिना बताए छुट्टी ले ली थी, जिस पर बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा (34) ने फोन पर उसे फटकार लगाई। इस बात से नाराज होकर रविंद्र दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने एक साथी के साथ बाइक से बैंक पहुंचा।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने बैंक में जमा अपनी दुनाली बंदूक ली और मैनेजर के केबिन में पहुंचकर विवाद के दौरान उनके सीने में गोली मार दी। इसके बाद वह अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के समय बैंक में करीब 6 कर्मचारी और 40 ग्राहक मौजूद थे, जिससे अचानक अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घायल मैनेजर को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।
मृतक अभिषेक शर्मा मूल रूप से बिहार के पटना के रहने वाले थे और हाल ही में प्रमोशन पाकर इस शाखा में मैनेजर बने थे। वहीं आरोपी रविंद्र पूर्व सैनिक बताया जा रहा है, जो कुछ महीनों पहले ही सुरक्षा गार्ड के रूप में नियुक्त हुआ था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



