कोटद्वार में गुलदार का हमला: घर से बच्चे को उठाकर ले गया, शोर मचाने पर छोड़ा, घायल मासूम हायर सेंटर रेफर

कोटद्वार: उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार (तेंदुआ) के हमले से दहशत फैल गई। पोखड़ा रेंज के एक गांव में गुलदार घर से एक बच्चे को उठाकर करीब 20–25 मीटर दूर ले गया। परिजनों और ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव खाल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल पौड़ी और फिर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बच्चा घर के पास ही मौजूद था, तभी अचानक गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।



