पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, केदारनाथ धाम भी जाएंगे
अप्रैल-मई में संभावित दौरा, चारधाम यात्रा से पहले तैयारियों को तेज़ी

उत्तराखंड को जल्द बड़ी सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल या मई में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान देहरादून में एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। इसके साथ ही उनके केदारनाथ धाम जाने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है, जो चारधाम यात्रा के मद्देनज़र बेहद अहम माना जा रहा है।
करीब 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी और समय दोनों में बड़ी कमी आएगी। अभी जहां यह सफर 5 से 6 घंटे में पूरा होता है, वहीं एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद यह यात्रा करीब ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी।
चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है, ऐसे में एक्सप्रेसवे का उद्घाटन तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी।



