उत्तराखंड में पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाएं संकट में, विभागों से रिक्त पदों की जानकारी नहीं

देहरादून। उत्तराखंड में पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाएं एक बार फिर संकट में फंसती नजर आ रही हैं। भर्ती प्रक्रिया में देरी का मुख्य कारण विभागों द्वारा रिक्त पदों की जानकारी समय पर उपलब्ध न कराना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शासन स्तर से लगातार विभागों से रिक्त पदों का ब्योरा मांगा जा रहा है, लेकिन अधिकांश विभाग अभी तक सही और पूर्ण जानकारी देने को तैयार नहीं हैं। इसके चलते राज्य लोक सेवा आयोग को अब तक अधियाचन (रिक्विजिशन) नहीं भेजा जा सका है।
पिछले साल जारी परीक्षा कैलेंडर में लोअर पीसीएस प्री परीक्षा 17 मई और अपर पीसीएस प्री परीक्षा 5 जुलाई को प्रस्तावित थी। हालांकि अधियाचन न मिलने के कारण आयोग ने संशोधित कैलेंडर से इन परीक्षाओं को हटा दिया है।
कार्मिक विभाग ने 18 मार्च को सभी प्रमुख सचिवों और सचिवों को पत्र भेजकर जल्द जानकारी देने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक सीमित विभागों ने ही कुछ पदों का विवरण उपलब्ध कराया है। कई विभागों द्वारा भेजे गए अधियाचन में भी त्रुटियां पाई गई हैं, जिन्हें अभी तक सुधारा नहीं गया है



