चमोली: जंगल में चारा लेने गई महिला पर गिरा पत्थर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां जंगल में चारा-पत्ती लेने गई एक महिला की पत्थर गिरने से मौत हो गई।
घटना थराली क्षेत्र के गैरबारम गांव की है। जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय कमला देवी जंगल में घास काटने गई थीं, तभी ऊपर से अचानक एक बड़ा बोल्डर (पत्थर) गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल अवस्था में महिला को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जंगल के ऊपर कहीं निर्माण या अन्य गतिविधि चल रही थी, जिसकी वजह से पत्थर गिरा। उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मृतका स्थानीय जूनियर हाईस्कूल में भोजन माता के रूप में कार्यरत थीं। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।



