रुड़की: सॉफ्टवेयर गड़बड़ी से लटके चारधाम यात्रा के ग्रीन कार्ड, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच उत्तराखंड के रुड़की में बड़ी लापरवाही सामने आई है। परिवहन विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले ग्रीन कार्ड सॉफ्टवेयर की तकनीकी खामी के कारण अटक गए हैं, जिससे यात्रियों और वाहन संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च से ग्रीन कार्ड बनाने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते सॉफ्टवेयर ठप हो गया है। हालात यह हैं कि यात्रियों की जानकारी भरने के बावजूद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
रुड़की स्थित आरटीओ कार्यालय और नारसन बॉर्डर पर भी अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है, जिससे ग्रीन कार्ड जारी करने का काम पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य होता है। ऐसे में इस प्रक्रिया में देरी से यात्रा प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि हर साल यह प्रक्रिया समय पर शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार स्पष्ट जानकारी और व्यवस्था दोनों की कमी है। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो यात्रा के दौरान बड़ी अव्यवस्था की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, विभाग का कहना है कि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से देरी हुई है, लेकिन जल्द ही अतिरिक्त स्टाफ और संसाधन तैनात कर प्रक्रिया को सुचारू किया जाएगा।



