क्राइमदेश

अमरोहा: प्रेम प्रसंग में पति की बेरहमी से हत्या, हाथ-पैर बांधकर गला रेता, छह जगह से काटा शव

Listen to this News

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शनिवार रात घर के टिनशेड में सो रहे राजमिस्त्री मेहराज उर्फ मिराज (30) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले उसके हाथ-पैर बांधे, फिर धारदार हथियार से गला रेत दिया और शरीर पर छह जगह गहरे वार किए।

पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड के पीछे मृतक की पत्नी रूही और उसका प्रेमी हैं। बताया जा रहा है कि रूही का अपनी बहन के देवर से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह मेहराज के साथ रहने को तैयार नहीं थी। इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। ईद के दिन शुरू हुआ झगड़ा सुलझ नहीं पाया और रूही ने मेहराज को खाना तक देना बंद कर दिया था। गांव में चर्चा है कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। पुलिस को शक है कि हत्या से पहले मेहराज को नींद की गोली या कोई बेहोशी की दवा दी गई, ताकि आसानी से उसके हाथ-पैर बांधे जा सकें।

इस वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि हत्या के वक्त पास ही उसके दो मासूम बच्चे सो रहे थे। बड़े बेटे के कपड़ों पर पिता के खून के छींटे मिले, जिससे पूरा गांव दहशत में है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button