हरिद्वार के बहादराबाद में गुलदार का आतंक: इंटर कॉलेज के पास मामा-भांजे पर हमला, दोनों गंभीर

हरिद्वार: बहादराबाद क्षेत्र के रोहालकी किशनपुर गांव में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के पास रविवार रात एक गुलदार ने बाइक से घर लौट रहे मामा-भांजे पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाके में लगातार दूसरे दिन हुए हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घायलों की पहचान कपिल कुमार (36) और उनके भांजे शुभम कुमार (26) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बहादराबाद से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे राष्ट्रीय इंटर कॉलेज रोहालकी किशनपुर के पास पहुंचे, खेत से निकले गुलदार ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। हमले के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों ने बचाव के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह गुलदार को भगाया। घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
लगातार दूसरे दिन गुलदार के हमले से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का विरोध किया और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग पर अड़ गए। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को कुछ देर के लिए ग्रामीणों ने बंधक भी बना लिया। बाद में वन क्षेत्राधिकारी के लिखित आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
वन विभाग ने रोहालकी गांव में दो पिंजरे लगाने और गश्त बढ़ाने का फैसला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि गुलदार को जल्द पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। इससे पहले एक दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में एक दुकानदार पर गुलदार ने हमला किया था।



