उत्तराखंड

देहरादून में सनसनी: कमरे में मिला 27 वर्षीय युवक का पांच दिन पुराना शव, जांच में जुटी पुलिस

Listen to this News

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विद्या विहार फेज-2 में 27 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में संदिग्ध हालत में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार शव करीब पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान आकाश (27) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से टिहरी का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि पांच दिन पहले उसके माता-पिता उसे घर पर छोड़कर अपने गांव टिहरी गए थे। इस दौरान आकाश घर में अकेला था।

रविवार को गांव से आकाश की मां ने बेटे से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। कई बार कॉल करने के बावजूद संपर्क न होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और वे तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गए।

देर रात घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि आकाश का कमरा अंदर से बंद है। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए—आकाश बेड के पास फर्श पर पड़ा था।

सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button