देहरादून: लच्छीवाला नेचर पार्क में आज से वाइल्ड समर कार्निवल, प्रकृति और रोमांच का अनोखा संगम

देहरादून के लच्छीवाला नेचर पार्क में आज से वाइल्ड समर कार्निवल का शुभारंभ हो गया है। 15 जून तक चलने वाला यह विशेष समर फेस्ट प्रकृति प्रेमियों, एडवेंचर के शौकीनों और परिवारों के लिए खास आकर्षण लेकर आया है। आयोजन का उद्देश्य पर्यटकों, स्थानीय लोगों और खासकर बच्चों को प्रकृति के करीब लाना है।
फेस्ट के एडवेंचर जोन में रॉक क्लाइंबिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया गया है, जबकि प्रकृति पथ में जंगल के बीच वॉक और शांत वातावरण का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा सांग नदी किनारे जल क्रीड़ा, बोटिंग और इको-क्राफ्ट्स जैसी गतिविधियां भी लोगों को आकर्षित करेंगी, जहां पर्यावरण के अनुकूल शिल्प बनाने की कला सीखने का मौका मिलेगा।
वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति के अनुसार, यह समर कार्निवल हर आयु वर्ग के लिए कुछ खास लेकर आया है। पार्क प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। गर्मियों की छुट्टियों में यह आयोजन देहरादून और आसपास के लोगों के लिए एक शानदार आउटिंग स्पॉट बन सकता है।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस आयोजन से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। प्रकृति, रोमांच और परिवारिक मनोरंजन का यह संगम गर्मियों में देहरादून की खास पहचान बन सकता है।



