चारधाम यात्रा 2026: आज से गढ़वाल में ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू, विशेष काउंटर बनाए गए

चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर परिवहन विभाग ने गढ़वाल मंडल में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। गुरुवार से व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि यात्रा के दौरान वाहनों की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।
गढ़वाल संभाग के आरटीओ के अनुसार, पौड़ी के साथ कोटद्वार, रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग में भी विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले कमर्शियल वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जाएगा।
प्रशासन ने साफ किया है कि बिना ग्रीन कार्ड किसी भी व्यावसायिक वाहन को चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, ओवरलोडिंग से बचाव और ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं।
चारधाम यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में इस बार परिवहन विभाग का फोकस सुरक्षित, तकनीकी रूप से फिट और दस्तावेज़ी रूप से सत्यापित वाहनों को ही यात्रा में शामिल करने पर है। माना जा रहा है कि इस व्यवस्था से यात्रा संचालन अधिक व्यवस्थित और दुर्घटना रहित बनाने में मदद मिलेगी।



