उत्तरकाशी: गोमुख-केदारताल ट्रैक अभी नहीं होगा शुरू, बर्फ और ग्लेशियर से कई हिस्से क्षतिग्रस्त

उत्तरकाशी में एडवेंचर और ट्रैकिंग प्रेमियों को अभी कुछ और इंतजार करना होगा। गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट खुलने के बावजूद गोमुख-तपोवन और केदारताल ट्रैक को फिलहाल नहीं खोला गया है, क्योंकि कई स्थानों पर भारी बर्फबारी और ग्लेशियर की वजह से रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
ट्रैकिंग एसोसिएशन और स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद थी कि 1 अप्रैल से पर्वतारोहण और ट्रैकिंग सीजन शुरू हो जाएगा, लेकिन मार्च के मध्य के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में हुई लगातार बर्फबारी ने सारी तैयारियों पर ब्रेक लगा दिया। प्रशासन ने पहले सीजन शुरू होने के संकेत दिए थे, मगर मौजूदा मौसम ने हालात बदल दिए।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रोज शाम बर्फबारी हो रही है, जिससे गोमुख और केदारताल के 18-18 किमी लंबे ट्रैक कई जगह टूट गए हैं या ग्लेशियर से ढक गए हैं। फिलहाल उम्मीद जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक आवाजाही शुरू हो सकती है, हालांकि मौसम खराब रहा तो यह समयसीमा और आगे बढ़ सकती है।
रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद विभाग की टीम दोनों ट्रैक की रेकी (निरीक्षण) करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही ट्रैक खोलने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इससे स्थानीय गाइड, पोर्टर, होटल और ट्रैकिंग कारोबार पर भी असर पड़ने की संभावना है, क्योंकि सीजन की शुरुआत में सबसे ज्यादा बुकिंग आती हैं।



