चमोली: अप्रैल में 50 से अधिक शादियां, व्यावसायिक गैस सिलिंडर नहीं मिलने से घरों में बढ़ी चिंता

उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में एलपीजी संकट के बीच शादी वाले घरों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। अप्रैल महीने में विकासखंड में 50 से अधिक शादियां तय हैं, लेकिन व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति ठप होने से परिवारों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
क्षेत्र में थराली और नारायणबगड़ की दो गैस एजेंसियां घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति करती हैं। यहां करीब सात हजार से अधिक उपभोक्ता जुड़े हैं, लेकिन एजेंसी के वाहन गांवों तक नहीं पहुंच रहे। ऐसे में लोग गोदामों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, जहां कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध नहीं हैं। कई परिवारों ने बताया कि शादी की बाकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, लेकिन खाना बनाने के लिए जरूरी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी से मांग की है कि शादी समारोहों के लिए कम से कम तीन व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि आयोजन प्रभावित न हो। इंडेन गैस एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि अभी कॉमर्शियल सिलिंडर की खेप नहीं पहुंची है, लेकिन जल्द आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने साफ किया है कि शादी, लॉन और कैटरिंग में घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल कानूनी अपराध है, इसलिए केवल व्यावसायिक सिलिंडरों का ही उपयोग किया जा सकता है। यही वजह है कि शादी वाले परिवारों की चिंता और बढ़ गई है।
इधर, देवाल के पूर्णा गांव में करीब 24 दिनों बाद घरेलू सिलिंडरों की आपूर्ति की गई, जिससे कुछ उपभोक्ताओं को राहत मिली। हालांकि कई लोग डीएसी नंबर न आने के कारण खाली हाथ लौट गए। इस बीच पूर्ति विभाग ने एजेंसियों को वाहनों से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



