देहरादून: रिटायर्ड ब्रिगेडियर मौत मामले में दसवां आरोपी गिरफ्तार, मॉर्निंग वॉक के दौरान सीने में लगी थी गोली

देहरादून के चर्चित रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में दसवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे जांच अब और तेज हो गई है। पुलिस पहले ही इस हाई-प्रोफाइल केस में कई आरोपियों को दबोच चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च की सुबह ब्रिगेडियर मुकेश जोशी अपने साढ़ू और एक अन्य साथी के साथ मसूरी रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवक आपस में ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए वहां से गुजरे, और एक गोली सीधे ब्रिगेडियर जोशी के सीने में जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस इससे पहले मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी शांतनु त्यागी और काविश त्यागी समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। काविश मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल भी हुआ था। अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी इस मामले में हो चुकी है, जबकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस लगातार पूछताछ और साक्ष्य जुटाने में लगी है।
घटना के बाद राजपुर रोड और आसपास के इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान और कड़ा कर दिया है। सुबह के समय मॉर्निंग वॉक करने वालों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यह मामला राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रहा है।



