उत्तराखंड में 23 लाख उपभोक्ताओं को अप्रैल में मिलेगा तीन महीने का राशन, विभाग ने जारी किए निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड के 23 लाख से ज्यादा राशन कार्ड उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत अप्रैल महीने में ही अप्रैल, मई और जून—तीन महीने का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा। इस संबंध में अपर खाद्य आयुक्त पीएस पांगती ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
सरकारी राशन की दुकानों पर उपभोक्ताओं को मई और जून का अग्रिम राशन भी अप्रैल में ही मिलेगा, जिससे लाभार्थियों को अगले दो महीनों तक राहत रहेगी। विभाग ने इसके लिए ई-पॉश मशीनों में ऑनलाइन वितरण व्यवस्था सक्रिय कर दी है। हालांकि, तीनों महीने का राशन लेने के लिए कार्डधारकों को अलग-अलग तीन बार बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन करना होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मार्च 2026 का राशन नहीं ले पाए कार्डधारकों को 15 अप्रैल तक खाद्यान्न दिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे। इस फैसले से प्रदेशभर के लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।
उधर, ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन ने विभागीय मंत्री रेखा आर्या से मुलाकात कर एक साथ तीन महीने का राशन देने से दुकानों पर बढ़ने वाली भीड़ और बार-बार बायोमीट्रिक प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं भी रखी हैं।



