हल्द्वानी में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, सिलिंडर न मिलने पर पार्षदों ने इंडेन एजेंसी का किया घेराव

हल्द्वानी: शहर में जारी गैस संकट को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। सोमवार को सिलिंडर न मिलने से नाराज पार्षदों ने सरस मार्केट स्थित इंडेन गैस एजेंसी का घेराव कर दिया। एजेंसी में प्रबंधक के मौजूद न होने पर पार्षदों ने कर्मचारियों पर जमकर नाराजगी जताई और वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए।
पार्षदों का आरोप है कि एक महीने पहले बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं, जबकि कई लोगों के मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भी आ चुका है। वार्डों में गैस लेकर पहुंच रहे कर्मचारी सिलिंडर खत्म होने की बात कहकर लौट रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मामले को लेकर नीमा भट्ट और शैलेंद्र दानू समेत कई पार्षद एजेंसी से सीधे कुमाऊं कमिश्नर आवास पहुंचे, लेकिन बैठक में व्यस्त होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं, एजेंसी की ओर से हीरानगर में डिलीवरी की सूचना दी गई थी, लेकिन समय पर गैस नहीं पहुंचने से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।
इधर, पांच किलो वाले सिलिंडरों को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि जिले में बुकिंग के अनुसार सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं, जबकि पांच किलो सिलिंडर वितरण को लेकर अभी कोई नया आदेश नहीं मिला है।
इससे पहले मेयर गजराज बिष्ट भी गैस किल्लत पर एजेंसी को तालाबंदी की चेतावनी दे चुके हैं। बावजूद इसके हालात में खास सुधार नहीं होने से आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है।



