
देहरादून/टिहरी: टिहरी जिले के मदन नेगी क्षेत्र के लिए बड़ी शैक्षिक सौगात सामने आई है। केंद्र सरकार ने यहां नए केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी दे दी है, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा। इस फैसले से मदन नेगी और आसपास के दूरस्थ गांवों के बच्चों को अब अपने क्षेत्र में ही सीबीएसई पैटर्न की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और यह विद्यालय क्षेत्र के छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगा।
जानकारी के मुताबिक, शुरुआती चरण में विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाई शुरू होगी, जिसमें प्रत्येक कक्षा का एक-एक सेक्शन होगा। बाद में जरूरत और स्वीकृति के अनुसार इसे आगे की कक्षाओं तक विस्तारित किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया भूमि और अस्थायी भवन की औपचारिकताएं पूरी होने के 30 दिनों के भीतर शुरू होने की संभावना है।
स्थानीय अभिभावकों और छात्रों में इस फैसले को लेकर उत्साह है, क्योंकि अब उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए बच्चों को देहरादून या नई टिहरी जैसे शहरों में भेजने की मजबूरी कम होगी। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।



