रुड़की में सेना की वर्दी का कपड़ा बेचते पकड़ा गया दुकानदार, 400 मीटर प्रतिबंधित फैब्रिक बरामद; एफआईआर दर्ज

रुड़की: रुड़की के लालकुर्ती क्षेत्र में सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बेचने का मामला सामने आया है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक दुकानदार को हिरासत में लिया। कार्रवाई सोमवार को इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद की गई।
छापे के दौरान टीम ने दुकान से करीब 400 मीटर प्रतिबंधित आर्मी यूनिफॉर्म कपड़ा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक संबंधित दुकान सेना की वर्दी का कपड़ा बेचने के लिए अधिकृत नहीं थी, जिसके बाद दुकानदार से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद लालकुर्ती और आसपास के बाजार में अन्य दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि प्रतिबंधित कपड़ा दुकान तक कैसे पहुंचा और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को संवेदनशील मानते हुए आगे की जांच में जुटी हैं।



