उत्तराखंड

टिहरी झील में रोमांच का महासंग्राम: सीएम धामी ने 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर का किया वर्चुअल उद्घाटन

Listen to this News

टिहरी झील एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजन की साक्षी बनी, जहां 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वर्चुअल उद्घाटन किया। भारी बारिश के चलते सीएम धामी टिहरी नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने ऑनलाइन जुड़कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 19 पुलिस बलों के 400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो टिहरी की झील में अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता की मेजबानी आईटीबीपी को सौंपी गई है। 8 अप्रैल से शुरू हुए इस आयोजन में आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स समेत विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमें शामिल हुई हैं। महिला और पुरुष वर्ग के कुल 440 खिलाड़ी कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग की अलग-अलग स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं, जिससे टिहरी झील में रोमांच चरम पर है।

खेल प्रतियोगिता के दौरान कैनोइंग की 18, कयाकिंग की 18 और रोइंग की 16 रेस आयोजित की जाएंगी। 200 मीटर, 500 मीटर, 1000 मीटर और 2000 मीटर की रेस खिलाड़ियों की सहनशक्ति और कौशल की कड़ी परीक्षा लेंगी। प्रतियोगिता का समापन 12 अप्रैल को होगा। उत्तराखंड में पहली बार इतने बड़े स्तर पर पुलिस वाटर स्पोर्ट्स आयोजन को राज्य के एडवेंचर और स्पोर्ट्स टूरिज्म के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button