हल्द्वानी में फर्जी बिल पर भुगतान, सीएम के उपसचिव के नाम से बनाई फेक ई‑मेल आईडी; कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ FIR दर्ज

नैनीताल/उत्तराखंड: पूर्वी हल्द्वानी में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी बिलों के जरिए भुगतान करने के आरोप में मुखानी कोतवाली में पुलिस ने FIR दर्ज की है। विभागीय जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री के उप सचिव के नाम से एक फर्जी ई‑मेल आईडी बनाकर लोगों को धमकाया और फर्जी बिलों के आधार पर विभागीय भुगतान कराया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब विभागीय अधिकारियों ने पाया कि आरोपी ने RSVP सिस्टम में छेड़ाछाड़ करते हुए गैर‑मौजूद रेस्टोरेंट के नाम से बिल तैयार किए, जिसमें ₹4,635 का भुगतान कराया गया। उसने फर्जी स्टाम्प पेपर खरीदा, अपने मोबाइल नंबर से ई‑मेल आईडी बनाकर यह बिल विभाग को प्रस्तुत किया।
प्रभागीय विक्रय प्रबंधक उपेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि आरोपी ने विभागीय बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में भी छेड़छाड़ की और अवकाश अवधि के दौरान भी अपनी उपस्थिति दर्ज दिखाई। इसके अलावा उसने सूचना का अधिकार (RTI) पोर्टल का पासवर्ड बदलकर अन्य कर्मचारियों की शिकायतें भी छिपाईं।
जांच के बाद आरोपी को पहले ही ब्लैकलिस्ट कर सेवा से निकाला जा चुका है। पुलिस अब धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में आगे की कार्रवाई कर रही है।



