बंगाल रण में पीएम मोदी का शक्ति प्रदर्शन: हल्दिया से सूरी तक तीन रैलियों में TMC पर तीखा हमला, दीं छह बड़ी गारंटी

कोलकाता/पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हल्दिया, आसनसोल और सूरी में तीन बड़ी चुनावी रैलियों के जरिए भाजपा के अभियान को नई धार दी। हल्दिया की जनसभा में पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि “विकसित बंगाल की मजबूत नींव” रखने का अवसर है।
पीएम मोदी ने मंच से भाजपा की छह बड़ी गारंटियों का ऐलान किया। इनमें भय की जगह भरोसा कायम करना, भ्रष्टाचारियों को जेल भेजना, अपराध और भ्रष्टाचार की फाइलें खोलना, घुसपैठियों पर कार्रवाई और सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का लाभ देना शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने पर “सबका साथ, सबका विकास और लुटेरों का हिसाब” नया राजनीतिक संदेश होगा।
प्रधानमंत्री ने बंगाल के मत्स्य पालन और सी-फूड सेक्टर को लेकर भी ममता सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अपार संभावनाओं के बावजूद राज्य मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बन पाया और आज भी दूसरे राज्यों से आयात पर निर्भर है। साथ ही युवाओं के पलायन, निजी क्षेत्र में सीमित नौकरियों और सरकारी भर्ती में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए TMC पर “युवाओं के साथ दोहरा विश्वासघात” करने का आरोप लगाया।
राजनीतिक रूप से यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। हल्दिया को शुभेंदु अधिकारी का गढ़, जबकि सूरी को TMC का मजबूत क्षेत्र माना जाता है। भाजपा इन रैलियों के जरिए पूर्व और पश्चिम बंगाल दोनों इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। राज्य की 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान, जबकि 4 मई को मतगणना होगी।



