उत्तरकाशी के मोक्ष केदार घाट पर शर्मनाक लापरवाही: अधजले शवों के टुकड़े नोच रहे लावारिस कुत्ते
उत्तरकाशी/उत्तराखंड: भागीरथी नदी किनारे स्थित मोक्ष केदार घाट पर मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। घाट पर अंतिम संस्कार के बाद अधजले शवों के अवशेष खुले में पड़े रहने से लावारिस कुत्ते उन्हें नोचते और खाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। यह दृश्य न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल की गरिमा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय सामाजिक संगठनों और गंगा विचार मंच से जुड़े लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद शवों के बचे हिस्सों की समुचित सफाई और निस्तारण नहीं हो रहा, जिसके कारण यह भयावह स्थिति बनी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि कुत्तों को इंसानी मांस का स्वाद लगने से वे अब आम लोगों पर भी हमलावर हो रहे हैं। हाल के दिनों में 18 लोगों को कुत्तों के काटने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
गंगा विचार मंच के प्रांत संयोजक लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि कोविड काल में भी केदारघाट पर ऐसी तस्वीरें सामने आई थीं, लेकिन सामान्य दिनों में दोबारा यही हालात दिखना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि घाट पर सफाई अभियान चलाया जाए, आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए और अंतिम संस्कार प्रक्रिया के बाद अनिवार्य निगरानी सुनिश्चित की जाए।
यह मामला उत्तरकाशी जैसे धार्मिक जिले में प्रशासनिक संवेदनहीनता और सार्वजनिक सुरक्षा दोनों पर बड़ा सवाल बनकर उभरा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।



