देहरादून: वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए शुरू होंगी नियमित उड़ानें, पर्यटन और तीर्थाटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जल्द ही वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे प्रदेश के पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री से देहरादून-वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था। इसके बाद मंत्रालय की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि नई उड़ानों का प्रस्ताव सभी घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा कर दिया गया है।
नई उड़ान सेवाएं शुरू होने से चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन और उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासतौर पर अयोध्या और वाराणसी जैसे धार्मिक शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
फिलहाल देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू समेत कई शहरों के लिए प्रति सप्ताह 254 उड़ानें संचालित हो रही हैं। अब इन तीन नए धार्मिक गंतव्यों के जुड़ने से दून एयर कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।



