उत्तराखंड

हरिद्वार: बैसाखी स्नान को लेकर 13 से 15 अप्रैल तक ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक

Listen to this News

बैसाखी स्नान पर्व और सद्भावना सम्मेलन को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने 13, 14 और 15 अप्रैल के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त तैयारी की है।

पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में भारी वाहनों को शहर की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। नगलाइमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में रोका जाएगा, जबकि चीला मार्ग ऋषिकेश की ओर केवल एक्जिट के लिए इस्तेमाल होगा।

देहरादून-ऋषिकेश से आने वाली प्राइवेट बसों को जरूरत पड़ने पर मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा, वहीं गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से वाहनों को सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर निकाला जाएगा। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग से वाहनों को बाहर निकाला जाएगा।

बाहरी राज्यों—दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब—से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इन वाहनों की पार्किंग अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में की जाएगी। अधिक भीड़ होने पर रूट बदलकर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौकी से शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि बड़े वाहनों को डायवर्ट कर गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग भेजा जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान देखकर ही निकलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button