देहरादून: केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 22 अप्रैल से 15 जून तक के टिकट पहले चरण में उपलब्ध

चारधाम यात्रा 2026 पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। केदारनाथ हेली शटल सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आज से शुरू हो गई है, जिससे हेलिकॉप्टर से धाम पहुंचने की योजना बना रहे यात्रियों का इंतजार खत्म हो गया है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के दिशा-निर्देश पर आईआरसीटीसी ने हेली टिकट बुकिंग की पूरी तैयारी कर ली है। बुकिंग के लिए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट शाम 6 बजे खोली जाएगी, जहां पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे। इसके बाद अगले चरण में आगे की तारीखों के स्लॉट जारी किए जाएंगे।
अधिकारियों ने साफ किया है कि इस बार 100% टिकट बुकिंग केवल ऑनलाइन माध्यम से ही होगी। यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फर्जी वेबसाइटों और साइबर ठगी से सतर्क रहें और केवल IRCTC के अधिकृत पोर्टल से ही टिकट बुक करें।
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की सबसे अधिक मांग रहती है। ऐसे में सीटें सीमित होने के कारण यात्रियों को सलाह दी गई है कि बुकिंग शुरू होते ही तुरंत टिकट सुरक्षित कर लें, क्योंकि कुछ मिनट की देरी भी लंबा इंतजार बढ़ा सकती है।



