नई दिल्ली: दो बेटियों और भाई के साथ चला रही थी ड्रग सिंडिकेट, 50 हजार की इनामी कुसुम गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ टीम को संगठित नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मकोका की आरोपी और 50 हजार रुपये की इनामी ड्रग सिंडिकेट सरगना कुसुम को दो महीने लंबे ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 54 वर्षीय कुसुम कई राज्यों में फैले ड्रग नेटवर्क की मुख्य संचालक थी। वह अपनी दो बेटियों, भाई हरिओम और अन्य सहयोगियों के साथ स्मैक, चरस और गांजे की सप्लाई का अंतरराज्यीय सिंडिकेट चला रही थी। उसकी दोनों बेटियां पहले से ही मकोका के तहत न्यायिक हिरासत में हैं।
कुसुम को पकड़ने के लिए पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लगातार छापेमारी की। जांच टीम ने 200 से अधिक CCTV फुटेज और 100 से ज्यादा मोबाइल रिकॉर्ड खंगाले, जिसके बाद 9 अप्रैल को शाहदरा में जाल बिछाकर उसे दबोचा गया। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तुरंत काबू कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कुसुम के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत 11 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। रोहिणी कोर्ट ने उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर रखा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अब सिंडिकेट के फाइनेंशियल नेटवर्क, सप्लाई चेन और दूसरे राज्यों से जुड़े लिंक की गहराई से जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी को दिल्ली और आसपास के राज्यों में सक्रिय बड़े नशा नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।



